संभल जा रहे राहुल-प्रियंका को पुलिस ने रोका
दो घंटे तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खड़ा रहा कांग्रेस नेताओं का काफिला, नेताओं की गाजियाबाद पुलिस से हुई नोकझोंक, सभी को वापस दिल्ली भेजा गया
संभल जा रहे राहुल-प्रियंका को पुलिस ने रोका
दो घंटे तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खड़ा रहा कांग्रेस नेताओं का काफिला, नेताओं की गाजियाबाद पुलिस से हुई नोकझोंक, सभी को वापस दिल्ली भेजा गया
गाजियाबाद में बुधवार को संभल जाने के दौरान रोके जाने पर संविधान की प्रति दिखाते लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी साथ थीं।
Police stopped Rahul Priyanka who were on their way
दिल्ली से संभल जा रहे कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले को गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रोक दिया।
दो घंटे तक उनका काफिला यूपी गेट पर ही खड़ा रहा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। चार किमी लंबे जाम में पांच घंटे तक फंसे लोग कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भड़क गए। राहगीरों की कांग्रेसियों से मारपीट तक हो गई। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने राहुल व प्रियंका सहित सभी नेताओं को दिल्ली वापस भेज दिया। उसके बाद यातायात सुचारु हो पाया।
सुबह 10:40 बजे राहुल गांधी का काफिला यूपी गेट पर पहुंचा। उनके काफिले में शामिल सांसद इमरान मसूद व सुप्रिया श्रीनेत सहित दूसरे संगठनों के नेता पुलिस से बात करने के लिए गाड़ियों से बाहर निकले। यहां पर उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। राहुल गांधी ने कहा कि वह संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस जाने नहीं दे रही है।
वह पुलिस के साथ अकेले जाने के लिए तैयार हैं। पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि कुछ दिन बाद जाने देंगे। यह लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष के अधिकारों के खिलाफ है। वह संभल जाकर देखना चाहते हैं कि वहां क्या हुआ है? वह पीड़ित परिवारों से मिलना चाहते हैं। सरकार यह संवैधानिक अधिकार भी नहीं दे रही है। क्या यह नया भारत है? यह आंबेडकर का संविधान खत्म करने वाला हिंदुस्तान है। हम लड़ाई जारी रखेंगे।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि शायद उत्तर प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि इतना भी नहीं संभाल सकते हैं। फिर भी वह अहंकार से कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था दुरुस्त है। दोपहर 12:35 बजे राहुल गांधी का काफिला वापस दिल्ली भेज दिया गया। बिहार के सांसद पप्पू यादव भी काफिले में संभल जा रहे थे।