सोनिया ने राष्ट्रपति को बेचारी बताया, मचा राजनीतिक बवाल
सोनिया ने राष्ट्रपति को बेचारी बताया, मचा राजनीतिक बवाल, Sonia called the President poor created political uproar,
सोनिया ने राष्ट्रपति को बेचारी बताया, मचा राजनीतिक बवाल,
Sonia called the President poor created political uproar,
पीएम ने कहा-कांग्रेस के शाही परिवार का फिर दिखा अहंकार
सोनिया गांधी ने मुर्मु के बारे में कहा-वह मुश्किल से बोल पा रही थीं
कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर राष्ट्रपति भवन से भी तीखी प्रतिक्रिया आई
नई दिल्ली में शुक्रवार को संसद के बजट सत्र के दौरान संसद परिसर में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म के संसद में अभिभाषण के संदर्भ में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की टिप्पणी पर राजनीतिक घमासान मच गया है। राष्ट्रपति भवन से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की ओर से सोनिया की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। 66 वर्षीय राष्ट्रपति के लिए सोनिया गांधी द्वारा पुअर लेडी (बेचारी महिला) शब्द के प्रयोग को बेहद अपमानजक बताते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मोदी ने गांधी परिवार को निशाना बनाते हुए कहा, कांग्रेस के शाही परिवार का अहंकार आज देश ने फिर देखा जब उन्हें गरीब, थकी हुई बताकर अपमानित किया गया।
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब राष्ट्रपति के संबोधन के तुरंत बाद संसद परिसर में सोनिया गांधी, लोस में नेता विपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को अभिभाषण पर एक वीडियो में आपसी चर्चा करते हुए देखा गया। इसमें सोनिया को यह कहते सुना गया-बेचारी महिला, राष्ट्रपति, अंत में बहुत थक गई थीं। वह मुश्किल से बोल पा रही थीं, बेचारी। राहुल को सोनिया से पूछते हुए सुना गया कि क्या राष्ट्रपति का भाषण उबाऊ था।
दिल्ली की एक चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा के जंगल से यहां तक पहुंची हैं। मातृभाषा हिंदी न होने के बाद भी उन्होंने बेहतरीन भाषण देकर संसद को प्रेरित किया। मगर कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है। शाही परिवार के एक सदस्य ने कहा, बोरिंग भाषण दिया है, तो दूसरी ने गरीब और थकी हुई कहा। यह देश के 10 करोड़ आदिवासी भाई-बहनों के साथ हर गरीब परिवार का अपमान है। पीएम ने कहा, गरीब, दलित, आदिवासी और ओबीसी समाज से कोई ऊपर उठता है तो ये (गांधी परिवार) कदम-कदम पर अपमानित करते हैं। जमीन से उठकर आने वालों को कांग्रेस का शाही परिवार पसंद नहीं करता है।
राष्ट्रपति भवन ने कहा-बेचारी महिला टिप्पणी अप्रिय और अस्वीकार्य राष्ट्रपति मुर्म के लंबे भाषण के परिप्रेक्ष्य में सोनिया गांधी की 'बेचारी महिला' टिप्पणी को राष्ट्रपति भवन ने अप्रिय और अस्वीकार्य करार दिया। राष्ट्रपति भवन ने कहा, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं, जो उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और इसलिए अस्वीकार्य हैं। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, इन नेताओं ने कहा है कि राष्ट्रपति अंत में बहुत थक गई थीं और वह मुश्किल से बोल पा रही थीं। यह सच्चाई से बहुत दूर है। राष्ट्रपति किसी भी समय थकी नहीं थीं। वास्तव में उनका मानना है कि हाशिये पर पड़े समुदायों, महिलाओं और किसानों के लिए बोलना कभी भी थकाऊ नहीं हो सकता। राष्ट्रपति कार्यालय का मानना है कि ऐसा हो सकता है कि ये नेता हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं के मुहावरे से परिचित नहीं हों और इस तरह गलत धारणा बना ली हो। किसी भी मामले में ऐसी टिप्पणियां अप्रिय, दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और प्रियंका ने किया बचाव
नई दिल्ली: सोनिया की टिप्पणी पर सियासी रफ्तार थामने की प्रियंका गांधी वाड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कोशिश की। दोनों ने कहा कि सोनिया राष्ट्रपति मुर्मु का अपमान कर ही नहीं सकतीं।
आदिवासी समुदाय से माफी मांगें सोनिया: नड्डा
नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ बताया। कहा, इसके लिए सोनिया मुर्मू व आदिवासी समुदाय से माफी मांगें। (पेज-4)