गरीब व मध्यम वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहे : मोदी
गरीब व मध्य वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहे : मोदी, May Goddess Lakshmi special blessings remain poor and middle class Modi,

गरीब व मध्यम वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहे : मोदी
• प्रधानमंत्री ने बजट में मध्य वर्ग के लिए विशेष प्रविधान के दिए संकेत
सत्र में नारी सशक्तीकरण की दिशा में भी अहम निर्णय लिए जाने का दावा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पेश होने वाले बजट में मध्य वर्ग के लिए विशेष प्रविधान के संकेत दिए। संसद का बजट सत्र शुरू होने से पहले पीएम ने देश के हर गरीब व मध्य वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहने की कामना की। साथ ही इस सत्र के दौरान नारी सशक्तीकरण की दिशा में भी अहम निर्णय लिए जाने का दावा किया। मोदी ने पहली बार बजट सत्र से पूर्व समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम किया।
मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए मध्य वर्ग की आय और बचत बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी, ताकि सुस्त पड़ती आर्थिक गतिविधियों और घरेलू स्तर पर मांग में कमी को दुरुस्त किया जा सके। बजट से पहले मोदी के मध्य वर्ग पर मां लक्ष्मी की कृपा की कामना को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मध्य वर्ग को राहत देने के लिए बजट में आयकर की सीमा में छूट के साथ ही कुछ अन्य प्रविधान किए जा सकते हैं। इसी के साथ प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने के साथ ही उन्हें और कारगर बनाने के संकेत दिए। लगभग पूरे देश में जिस तरह रेवड़ियों की भरमार चल रही है तो यह अपेक्षित है कि टैक्स देने वाले मध्य वर्ग को भी थोड़ी राहत मिले।
वैसे मोदी ने नारी सशक्तीकरण के लिए किसी ठोस पहल का एलान नहीं किया। पर, इतना साफ कर दिया कि पंथ, संप्रदाय के भेद से मुक्त होकर नारी शक्ति के गौरव को पुनः स्थापित करना जरूरी है। उनके अनुसार, बजट सत्र में नारी को सम्मानपूर्ण जीने और समान अधिकार का हक दिलाने के लिए कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के पहले पूर्ण बजट को 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अहम बताया।
नई दिल्ली में शुक्रवार को संसद के बजट सत्र के पहले दिन परिसर में मीडिया को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।
What's Your Reaction?



