विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हनुमान जन्मोत्सव पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन। सैकड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी, झांकियां, भजन-कीर्तन और राष्ट्रभक्ति का संदेश।
हनुमान जन्मोत्सव पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भव्य शोभायात्रा, गूंजे जय श्रीराम के नारे
5 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में श्री हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन संपन्न हुआ। प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर जी ने संदेश दिया, हनुमान जी का चरित्र अपनाकर राष्ट्र को सशक्त बनाना ही विश्व हिंदू परिषद का लक्ष्य है।
जनपद गौतम बुद्ध नगर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार, 05 अप्रैल 2026 को एक भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक कार एवं बाइक शोभायात्रा का आयोजन किया गया । विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के तत्वावधान में निकली इस विराट शोभायात्रा में सैकड़ों कार और बाइक पर चल रहे श्रद्धालुओं, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को भगवामय बना दिया । “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और पूरा नगर भक्ति, उत्साह एवं ऊर्जा से भर गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ रौज़ा गोल चक्कर, 4% मैदान से विधिवत पूजन एवं ध्वज वंदन के साथ किया गया। इसके पश्चात यह शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होती हुई विभिन्न प्रमुख स्थलों से गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
मार्ग में भव्य झांकियां, भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली के जीवन प्रसंगों का सजीव चित्रण, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया । विश्व हिन्दू परिषद द्वारा लव जिहाद पर समाज को जागृत करती झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
विशाल सभा को संबोधित करते हुए श्री राजकुमार डूंगर ने कहा,
“हनुमान जी का चरित्र हमें त्याग, सेवा और निष्ठा का मार्ग दिखाता है। यदि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतार लें, तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त बन सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, और ऐसे आयोजन हिन्दू समाज की एकता, जागरूकता और संगठन शक्ति को प्रदर्शित करते हैं ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में मेरठ प्रांत के विद्यार्थी प्रमुख श्री समर सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि हनुमान जी का जीवन केवल भक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि शक्ति, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का आदर्श है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे हनुमान जी के चरित्र से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, सेवा और समर्पण को अपनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं ।
विशेष रूप से युवाओं की भारी भागीदारी इस शोभायात्रा की प्रमुख विशेषता रही। हाथों में भगवा ध्वज, माथे पर तिलक और जोश से भरे युवा पूरे मार्ग में अनुशासन बनाए रखते हुए चल रहे थे, जो समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत दे रहे थे। महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया।
मंच और इस विशाल शोभायात्रा का संचालन बजरंग दल जिला संयोजक अंकित शर्मा जी ने किया और विशाल हिन्दू समाज को इस भव्य शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया ।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के विभाग संगठन मंत्री श्री मुनिंद्र जी , विभाग मंत्री श्री ललित जी , विभाग बजरंग दल संयोजक सुमित यादव जी , विभाग संयोजिका दुर्गा वाहिनी नीतू वर्मा जी, जिला अध्यक्ष विनय चौधरी जी , जिला मंत्री विवेक राजपूत , अमित त्यागी , भाष्कर जी, और यतेंद्र नागर समेत अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में
सुमित कुमार,शंकी त्यागी,सरवन जी ,हैप्पी त्यागी,सचिन त्यागी,मोहित शर्मा ,अजीत कुमार आदि अन्य बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओ को सुचारू रूप से संभालते हुए अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि हिन्दू समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश भी दिया।
#HanumanJanmotsav #GreaterNoidaWest #VHP #BajrangDal #JaiShriRam #Bajrangbali #HinduUnity #ReligiousEvent