अनिल टाइगर मर्डर केस में बड़ा ऐलान, रांची वाले घर से निकलने से पहले पढ़ लें बड़ी खबर

Anil Tiger Murder Case : रांची में भाजपा नेता अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या के बाद भाजपा और आजसू पार्टी ने रांची बंद की अपील की है। भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाया। पढ़िए...

Mar 27, 2025 - 05:43
 0
अनिल टाइगर मर्डर केस में बड़ा ऐलान, रांची वाले घर से निकलने से पहले पढ़ लें बड़ी खबर
रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व जिला परिषद के पूर्व सदस्य की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान विपक्षी भाजपा के रांची ग्रामीण इकाई के जिला महासचिव के रूप में हुई है। हत्याकांड के विरोध में भाजपा और ‘ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू)’ पार्टी ने बृहस्पतिवार यानी आज रांची बंद का आह्वान किया है।

आज राजधानी रांची रहेगी बंद

इससे पहले दिन में मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारी राजधानी के कांके चौक पर पहुंचे और उन्होंने वहां मौजूद भाजपा नेता की हत्या कर दी। झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने कहा, ‘घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं अनिल टाइगर को व्यक्तिगत रूप से जानता था और मैं आश्वासन देता हूं कि हत्यारे जल्द ही पकड़े जाएंगे।’

सीएम हेमंत सोरेन इस्तीफा दें- मरांडी

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन शासित राज्य में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की। मरांडी ने मृतक के परिवार से मिलने के लिए रिम्स अस्पताल का दौरा किया, जहां अनिल टाइगर को ले जाया गया था।

लॉ एंड ऑर्डर खत्म- मरांडी

मरांडी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भाजपा रांची ग्रामीण इकाई के जिला महासचिव और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर जी को अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की खबर से स्तब्ध हूं। अपराधी बेखौफ होकर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जहां न तो जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक।’

बीजेपी और आजसू का आज बंद

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए उन्होंने कहा, ‘इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’ पार्टियों की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा और आजसू पार्टी ने रांची के लोगों और व्यापारियों से राज्य में ‘बिगड़ती’ कानून व्यवस्था की स्थिति के विरोध में बंद का समर्थन करने का आग्रह किया।
UP HAED सामचार हम भारतीय न्यूज़ के साथ स्टोरी लिखते हैं ताकि हर नई और सटीक जानकारी समय पर लोगों तक पहुँचे। हमारा उद्देश्य है कि पाठकों को सरल भाषा में ताज़ा, विश्वसनीय और महत्वपूर्ण समाचार मिलें, जिससे वे जागरूक रहें और समाज में हो रहे बदलावों को समझ सकें।