पीएम मोदी ने किया पंबन ब्रिज का उद्घाटन, बताया इंजीनियरिंग का अद्भुत चमत्कार
पीएम मोदी ने किया पंबन ब्रिज का उद्घाटन, बताया इंजीनियरिंग का अद्भुत चमत्कार
पीएम मोदी ने किया पंबन ब्रिज का उद्घाटन, बताया इंजीनियरिंग का अद्भुत चमत्कार
तमिलनाडु में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले और अत्याधुनिक समुद्री रेल पुल नए पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया। रामनवमी के पावन अवसर पर पीएम मोदी ने रामेश्वरम को देशभर से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से इस इंजीनियरिंग के अद्भुत नमूने को राष्ट्र को समर्पित किया।
उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने रामेश्वरम-ताम्बरम (चेन्नई) नई एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन नए पंबन ब्रिज से होकर गुजरी, जो आधुनिक तकनीकों से लैस है और जिसे भारत में इंजीनियरिंग का चमत्कार कहा जा रहा है।
क्यों खास है पंबन ब्रिज?
पंबन ब्रिज को भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज कहा जाता है। इसका मुख्य आकर्षण यह है कि जब समुद्र में बड़े जहाजों को निकलना होता है, तो इस ब्रिज का एक हिस्सा ऊपर उठ जाता है, जिससे जहाज आसानी से गुजर सकते हैं। वहीं, सामान्य समय में इस पुल से ट्रेनें भी बेरोकटोक गुजर सकती हैं। इससे रेलवे और समुद्री यातायात दोनों में कोई टकराव नहीं होता।
550 करोड़ की लागत, आधुनिक सुविधाएं
करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है। इसका निर्माण समुद्र की तेज़ लहरों और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे रामेश्वरम आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
अन्य प्रमुख आयोजन
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय तटरक्षक बल के एक जहाज को भी फ्लैग ऑफ किया। इसके अलावा श्रीलंका यात्रा से लौटने के बाद उनका तमिलनाडु में भव्य स्वागत किया गया।
उद्घाटन समारोह में शामिल हुए प्रमुख नेता
इस भव्य कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, राज्य के वित्त मंत्री थांगम थेनारसु, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
यह ब्रिज न केवल एक तकनीकी चमत्कार है, बल्कि यह देश की बुनियादी ढांचे की शक्ति और प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।