नागपुर में दो गुटों के बीच झड़प, पुलिस पर पथराव में चार जवान घायल, इलाके में बढ़ा तनाव
नागपुर पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है नागपुर में दो गुटों के बीच झड़प, पुलिस पर पथराव में चार जवान घायल, इलाके में बढ़ा तनाव
नागपुर में दो गुटों के बीच झड़प, पुलिस पर पथराव में चार जवान घायल, इलाके में बढ़ा तनाव
नागपुर (महाराष्ट्र), 17 मार्च 2025: नागपुर के महल इलाके में सोमवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद तनावपूर्ण हालात बन गए। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। झड़प के बाद इलाके में तोड़फोड़, पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत महल इलाके में हुई, लेकिन धीरे-धीरे हिंसा ने चिटनिस पार्क, कोतवाली और गणेशपेठ क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), दंगा नियंत्रण पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) को इलाके में तैनात किया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालात पर काबू पाने के लिए शहर के अन्य थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी गई है। अधिकारी ने बताया, “हमने हाई रिस्क ज़ोन की पहचान कर ली है और वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।”
इस बीच, नागपुर पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे के कारणों की जांच जारी है।
नागपुर, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "नागपुर के महल इलाके में जिस तरह से स्थिति तनावपूर्ण हुई, वह बेहद निंदनीय है। कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की। यह गलत है। मैं स्थिति पर नजर रख रहा हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो भी सख्त कदम उठाने की जरूरत है, उठाएं।
अगर कोई दंगा करता है या पुलिस पर पत्थरबाजी करता है या समाज में तनाव पैदा करता है, तो ऐसे सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे नागपुर की शांति को भंग न होने दें। अगर कोई तनाव पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" (वीडियो: महाराष्ट्र CMO)
नागपुर, महाराष्ट्र: नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ रविंदर सिंघल ने कहा, "स्थिति नियंत्रण में है। एक तस्वीर जलाई गई थी जिसके बाद लोग जमा हुए और उनके निवेदन पर हमने कार्रवाई की। लोगों का प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिलने मेरे ऑफिस भी आया था। हमने FIR दर्ज की है... घटना करीब 8:30 बजे की है। 2 वाहन जलाए गए हैं।"
यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है, जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, हम आपको अपडेट करेंगे।