नए स्वरूप में संघ का प्रशिक्षण वर्ग, छह से बोकारो में जुटेंगे स्वयंसेवक
संघ के स्वयंसेवकों के साथ-साथ समवैचारिक संगठनों के कार्यकर्ता भी भाग ले सकते हैं, वहीं कार्यकर्ता विकास वर्ग-एक में केवल संघ के दायित्वधारी स्वयंसेवक हीं भाग लेंगे। इस बार संघ शिक्षा वर्ग के प्रशिक्षण में झारखंड के लगभग 350 स्वयंसेवक भाग लेंगे।
नए स्वरूप में संघ का प्रशिक्षण वर्ग, छह से बोकारो में जुटेंगे स्वयंसेवक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण वर्ग इस बार बदले हुए पाठ्यक्रम के साथ प्रारंभ हो रहा है। क्षेत्र आधार पर होने वाले द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षण वर्ग का नाम अब कार्यकर्ता विकास वर्ग-एक हो गया है। उत्तर पूर्व (झारखंड व बिहार) क्षेत्र के स्वयंसेवकों के लिए 20 दिनों का यह वर्ग इस बार छह जून से बोकारो में लगने जा रहा है। इस वर्ग में ही झारखंड के स्वयंसेवकों के लिए संघ शिक्षा वर्ग 11 जून से लगेगा। पहले यह प्रथम वर्ष के नाम से जाना जाता था और 20 दिनों का होता था। अब संघ शिक्षा वर्ग कहलाएगा और 15 दिनों का होगा। दोनों वर्गों का एक साथ समापन समारोह 26 जून की शाम को होगा, जिसके मुख्य वक्ता आरएसएस के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार होंगे। 27 जून की सुबह दीक्षा समारोह के बाद सभी स्वयंसेवक घर लौटेंगे। प्रतिवर्ष मई में लगने वाला यह वर्ग इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर जून में किया गया है। स्वयंसेवकों के कार्य में गुणात्मक विकास करने के लिए प्रतिवर्ष लगने वाले इन प्रशिक्षण वर्गों में वही स्वयंसेवक भाग लेते हैं, जिन पर दो वर्ष से संघ का कोई दायित्व हो। संघ शिक्षा वर्ग में
संघ के स्वयंसेवकों के साथ-साथ समवैचारिक संगठनों के कार्यकर्ता भी भाग ले सकते हैं, वहीं कार्यकर्ता विकास वर्ग-एक में केवल संघ के दायित्वधारी स्वयंसेवक हीं भाग लेंगे। इस बार संघ शिक्षा वर्ग के प्रशिक्षण में झारखंड के लगभग 350 स्वयंसेवक भाग लेंगे। वहीं, कार्यकर्ता विकास वर्ग-एक में झारखंड, उत्तर और दक्षिण बिहार प्रांत से 150 के लगभग स्वयंसेवक शामिल होंगे। वर्तमान परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए संघ ने पाठ्यक्रमों में बदलाव किया है। बदले पाठ्यक्रम में अब दोनों प्रशिक्षण वर्गों में पांच दिनों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी होगा। स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण स्थल के आसपास के इलाकों में चल रहे जागरण श्रेणी एवं संघ की छह गतिविधियों के कार्यों से अवगत कराया जाएगा। वर्ग में प्रांत, क्षेत्र एवं कई अखिल भारतीय अधिकारियों का मार्गदर्शन स्वयंसेवकों को मिलेगा। संघ शिक्षा वर्ग का उद्घाटन 11 जून की शाम क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर करेंगे।