सलमान खान की हत्या की साजिश में पांचवां आरोपित भिवानी से गिरफ्तार
अन्य आरोपितों के लिए आवास, रसद, वाहन की उपलब्ध कराने का है आरोप इससे पहले लारेंस बिश्नोई गिरोह के चार शूटरों को किया जा चुका है गिरफ्तार
सलमान खान की हत्या की साजिश में पांचवां आरोपित भिवानी से गिरफ्तार
अन्य आरोपितों के लिए आवास, रसद, वाहन की उपलब्ध कराने का है आरोप
इससे पहले लारेंस बिश्नोई गिरोह के चार शूटरों को किया जा चुका है गिरफ्तार
बालीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की साजिश के मामले में नवी मुंबई पुलिस ने एक और आरोपित को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपित लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गिरोह का सदस्य है। इससे पहले पनवेल पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या पांच हो गई है। षड्यंत्र में 21 लोग शामिल हैं। 16 संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
नवी मुंबई पुलिस ने कहा कि दीपक हवासिंह गोगलिया उर्फ जानी वाल्मीकि को शनिवार को स्थानीय पुलिस की मदद से हरियाणा के भिवानी से गिरफ्तार किया गया। उसे रविवार को भिवानी में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने उसे पांच जून तक नवी मुंबई पुलिस की ट्रांजिट रिमांड पर दे दिया। उसे पनवेल लाया जा रहा है।
गोगलिया ने अन्य आरोपितों के लिए आवास की व्यवस्था करने के साथ-साथ रसद और वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई थी। वह वीडियो काल के जरिये अन्य आरोपितों के संपर्क में था। इससे पहले शनिवार को पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने बताया था कि पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में साजिश के बारे में जानकारी मिलने के बाद कुछ पुलिस अधिकारियों और मुखबिरों ने बिश्नोई गिरोह के वाट्सएप और अन्य इंटरनेट मीडिया समूहों में होने वाले चैट पर नजर रखना शुरू किया।
पता चला है कि गिरोह के चार सदस्यों ने सलमान के घर और फार्महाउस की रेकी की थी। इसके बाद आरोपित धनंजय तापसिंह उर्फ अजय कश्यप को 28 अप्रैल को पनवेल से गिरफ्तार किया गया। उसी दिन गौरव भाटिया उर्फ संदीप बिश्नोई को गुजरात से हिरासत में लिया गया था। वासपी खान उर्फ वसीम चिकना को छत्रपति संभाजीनगर से पकड़ा गया, जबकि रिजवान खान उर्फ जावेद खान को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। आरोपितों भारतीय दंड संहिता (आइपीसी) की धाराओं 120-बी (षड्यंत्र) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लारेंस बिश्नोई अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है, जबकि माना जाता है कि अनमोल अमेरिका या कनाडा में है। पुलिस ने बताया कि बिश्नोई गैंग ने सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने के आरोप में दो शूटरों की गिरफ्तारी से एक महीने पहले यह साजिश रची थी। गौरतलब है कि 14 अप्रैल को मोटरसाइकिल पर आए लोगों ने मुंबई के बांद्रा में सलमान के गैलेक्सी स्थित अपार्टमेंट के बाहर कई गोलियां चलाई थीं। पहले भी सलमान खान को नुकसान पहुंचाने के लिए कई कोशिशें हो चुकी हैं, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।