कानपुर आइआइटी से पढ़े आदित्य श्रीवास्तव सिविल सेवा परीक्षा के टापर
सिविल सेवा परीक्षा, 2023 का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें कानपुर आइआइटी से पढ़े और प्रशिक्षु आइपीएस आदित्य श्रीवास्तव ने पहला, अनिमेष प्रधान ने दूसरा
कानपुर आइआइटी से पढ़े आदित्य श्रीवास्तव सिविल सेवा परीक्षा के टापर
- यूपीएससी ने घोषित किया सिविल सेवा परीक्षा, 2023 का परिणाम
- अनिमेष प्रधान दूसरे और डोनुरु अनन्या रेड्डी तीसरे स्थान पर रहे
- प्रतिष्ठित परीक्षा के 1,016 सफल उम्मीदवारों में से 352 महिलाएं
- शीर्ष पांच स्थान हासिल करने वालों में से तीन प्रशिक्षु आइपीएस
UPSC संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा, 2023 का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें कानपुर आइआइटी से पढ़े और प्रशिक्षु आइपीएस आदित्य श्रीवास्तव ने पहला, अनिमेष प्रधान ने दूसरा, डोनुरु अनन्या रेड्डी ने तीसरा, पीके सिद्धार्थ रामकुमार ने चौथा और रुहानी ने पांचवां स्थान हासिल किया है। आदित्य श्रीवास्तव ।
यूपीएसएसी के अनुसार, कुल 1,016 अभ्यर्थियों ने (664 पुरुष और 352 महिलाओं) ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें 30 दिव्यांग भी शामिल हैं। शीर्ष 25 अभ्यर्थियों में 10 महिलाएं और 15 पुरुष हैं। शीर्ष पांच स्थानों में तीन पुरुष व दो महिलाएं हैं और इनमें से तीन- श्रीवास्तव, रामकुमार व रुहानी प्रशिक्षु आइपीएस हैं। एक दशक से ज्यादा समय में यह पहली बार है जब प्रशिक्षु आइपीएस ने शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में हासिल अंक परीक्षा परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के अंदर वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे। शीर्ष स्थान हासिल करने वाले 27 वर्षीय आदित्य श्रीवास्तव ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। उनके पास एमटेक की डिग्री भी है। वह लखनऊ के रहने वाले हैं।
2022 की परीक्षा में उन्होंने 236वीं रैंक हासिल की थी। राउरकेला स्थित एनआइटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक 24 वर्षीय अनिमेष प्रधान ओडिशा के अंगुल जिले के तलचर कस्बे के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली में इंडियन आयल कारपोरेशन में कार्यरत हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से भूगोल में स्नातक (आनर्स) डोनुरु अनन्या रेड्डी तेलंगाना में महबूबनगर की रहने वाली हैं। चौथे स्थान पर 27 वर्षीय रामकुमार तिरुअनंतपुरम स्थित कालेज आफ आर्किटेक्चर से स्नातक हैं और केरल में कोच्चि के रहने हैं। रुहानी दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कालेज से अर्थशास्त्र में स्नातक (आनर्स) हैं। गुरुग्राम की रहने वाली 28 वर्षीय रुहानी ने 2022 की परीक्षा में 159वीं रैंक हासिल की थी। वह नीति आयोग में काम कर चुकी हैं। उनके माता-पिता दिल्ली सरकार में अध्यापक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए एक्स पोस्ट में कहा, 'मैं सिविल सेवा परीक्षा, 2023 में उत्तीर्ण होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई देता हूं। उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ता और समर्पण रंग लाया है, जिससे सार्वजनिक सेवा में उनके आशाजनक करियर की शुरुआत होगी। उनके प्रयास आने वाले समय में हमारे देश के भविष्य को आकार देंगे। उन्हें मेरी शुभकामनाएं। जिन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि विफलताएं मुश्किल हो सकती हैं, लेकिन याद रखिए कि यह आपकी यात्रा का अंत नहीं है। भविष्य में परीक्षाओं में सफलता के अवसर मिलेंगे। लेकिन भारत उससे भी परे अवसरों का देश है जहां आपकी प्रतिभा सच्चे अर्थों में चमक सकती है। परिश्रम करते रहिए और अपार संभावनाएं तलाशते रहिए। आप सभी को शुभकामनाएं।'
शीर्ष दस
1. आदित्य श्रीवास्तव
2. अनिमेष प्रधान
3. डोनुरु अनन्या रेड्डी
4. पीके सिद्धार्थ रामकुमार
5. रुहानी
6. सृष्टि डबास
7 . अनमोल राठौर
8. आशीष कुमार
9. नौशीन
10. ऐश्वर्यम प्रजापति
4 लड़कियां हैं इस बार भी टाप 10 में
14,624 शामिल हुए थे सिविल सेवा मुख्य परीक्षा में।
2846 काबुलाय गया था साक्षात्कार के लिए।