एक्ट्रेस रन्या राव के पिता रामचंद्र राव से पूछताछ, 14.2 किलोग्राम सोना तस्करी मामले में बयान दर्ज
Actress Ranya Rao father Ramachandra Rao questioned, एक्ट्रेस रन्या राव के पिता रामचंद्र राव से पूछताछ, 14.2 किलोग्राम सोना तस्करी मामले में बयान दर्ज
एक्ट्रेस रन्या राव के पिता रामचंद्र राव से पूछताछ, 14.2 किलोग्राम सोना तस्करी मामले में बयान दर्ज
बेंगलुरु। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी मामले में फंसीं कन्नड़ एक्ट्रेस रन्या राव के मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में पुलिस ने रन्या राव के सौतेले पिता और कर्नाटक पुलिस में डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव से पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक, जांच अधिकारियों ने रामचंद्र राव के बयान दर्ज कर लिए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रन्या राव को भारी मात्रा में सोने के साथ पकड़ा गया था। उनके पास से 14.2 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इस मामले ने कर्नाटक पुलिस विभाग तक हलचल मचा दी है, क्योंकि इसमें एक वरिष्ठ अधिकारी के परिवार का नाम सामने आ रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रामचंद्र राव से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां हासिल हुई हैं। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि अधिकारी का इस तस्करी में सीधा संबंध है या नहीं। मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।
वहीं, मामले को लेकर कर्नाटक के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है और जांच में किसी तरह का पक्षपात नहीं किया जाएगा।