फायर ब्रिगेड की तत्परता से महाकुंभ में बड़ा हादसा टला, शॉर्ट सर्किट से शिविर में लगी आग
major accident was averted Mahakumbh due promptness fire brigade fire broke camp due short circuit, फायर ब्रिगेड की तत्परता से महाकुंभ में बड़ा हादसा टला, शॉर्ट सर्किट से शिविर में लगी आग,
फायर ब्रिगेड की तत्परता से महाकुंभ में बड़ा हादसा टला, शॉर्ट सर्किट से शिविर में लगी आग
प्रयागराज, 07 फरवरी। महाकुंभ मेला क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। ओल्ड जीटी रोड स्थित महाकुंभ नगर में स्वामी हरिहरानंद और सुखदेवानंद के शिविर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तेजी से आग बुझाने में जुट गईं। इस घटना में 20 से 22 टेंट जल गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन की सतर्कता से बड़ा नुकसान टला
चीफ फायर ऑफिसर प्रमोद शर्मा ने बताया कि आग इस्कॉन क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोका गया। जैसे ही घटना की सूचना मिली, उत्तरी झूंसी के जोनल पुलिस ऑफिसर, एडिशनल एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, स्थानीय पुलिस और मेला मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।
महाकुंभ में अग्निशमन के लिए व्यापक इंतजाम
महाकुंभ क्षेत्र में आग से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में 50 फायर स्टेशन और 20 फायर पोस्ट बनाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए 4,300 फायर हाइड्रेंट लगाए गए हैं, जबकि 351 से अधिक अग्निशमन वाहन और 2000 से अधिक मैनपावर को तैनात किया गया है।
131.48 करोड़ की लागत से सुरक्षा इंतजाम
महाकुंभ को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए कुल 131.48 करोड़ रुपए की लागत से वाहन और उपकरण तैनात किए गए हैं। अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 66.75 करोड़ का अलग बजट आवंटित किया गया है, जबकि विभागीय बजट 64.73 करोड़ है। इसके अलावा, मेले की शुरुआत से पहले एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ कई मॉक ड्रिल कराई गईं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सका।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं को आग लगने जैसी किसी भी आपात स्थिति से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।