छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर
मध्य प्रदेश के बालाघाट में भी सोमवार रात करीब दस बजे जवानों ने दो हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में जवानों के साथ मुठभेड़ में मारे गए 10 नक्सली
- मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में भी जवानों ने ढेर किए दो नक्सली
- घटनास्थल से लाइट मशीन गन, और गोला-बारूद बरामद
छत्तीसगढ़ और मप्र में जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। सबसे बड़ी सफलता मंगलवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मिली है, जहां गंगालूर क्षेत्र में मुठभेड़ स्थल पर 10 नक्सलियों के शव मिले हैं। मुठभेड़ में कई बड़े नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना है। मध्य प्रदेश के बालाघाट में भी सोमवार रात करीब दस बजे जवानों ने दो हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों पर तीन राज्यों में कुल 43 लाख रुपये का इनाम था।

27 को भी मार गिराए थे छह नक्सली : बीजापुर में मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से अब तक 10 नक्सलियों के शव सहित एक लाइट मशीन गन, बैरल ग्रेनेड लांचर और अन्य हथियार व गोला-बारूद मिले हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल में तलाशी अभियान अभी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। गंगालूर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा बल को यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है। 27 मार्च को इसी क्षेत्र में जवानों से मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए थे। बीते तीन माह के भीतर यहां 43 नक्सली मार गिराए गए हैं।
बड़े नक्सलियों के मारे जाने की सूचना : छह अप्रैल, 2010 में ताड़मेटला में 76 जवानों को मारे जाने की घटना में सम्मिलित रहे कुख्यात नक्सली डीवीसी सदस्य पापा राव सहित कई बड़े नक्सलियों के मंगलवार को हुए मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना है। पापा राव आठ लाख रुपये का इनामी था। डेढ़ वर्ष पहले उसे गंगालूर एरिया कमेटी में भेजा गया था। यद्यपि उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लेंड्रा के पास पहाड़ियों पर
नक्सलियों की कंपनी नंबर दो की उपस्थिति की सूचना के बाद सोमवार शाम गंगालूर, बासागुड़ा व कई सुरक्षा कैंप से बड़ी संख्या में जवानों को अभियान पर भेजा गया था। मंगलवार सुबह नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग की। जवानों ने इसका कड़ा प्रतिरोध किया। घटनास्थल की जांच में नक्सलियों के शव मिल रहे हैं। अबतक 10 नक्सली मारे जा चुके हैं।

सुंदरराज पी., आइजी, बस्तर
बालाघाट में 43 लाख रुपये के दो इनामी नक्सली ढेर: मप्र के बालाघाट जिले के पितकोना-केराझरी के जंगल में सोमवार रात मुठभेड़ में जवानों ने दो हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों पर तीन राज्यों में कुल 43 लाख रुपये का इनाम था। इसमें महिला नक्सली छत्तीसगढ़ के सुकमा की रहने वाली थी। मृतक नक्सली रघु पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कुल 14 लाख जबकि संजाती पर तीनों राज्यों में 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था