हिंदू परिवार की महिलाओं संग कांवड़ लेकर निकली है मुस्लिम लड़की सुहाना

सुहाना ने बताया कि वह पहले भी खाटू श्याम के दर्शन कर चुकी है और उसे धर्म और समाज की सीमाओं का ज्ञान नहीं है।

Aug 4, 2024 - 05:40
Aug 4, 2024 - 18:56
 0  23
हिंदू परिवार की महिलाओं संग कांवड़ लेकर निकली है मुस्लिम लड़की सुहाना

अनूठी शिवभक्ति: 12 साल की सुहाना और भाई अफान की कांवड़ यात्रा

मुजफ्फरनगर 12 साल की सुहाना और उसके 13 वर्षीय भाई अफान ने इस बार कांवड़ यात्रा में एक अनूठी मिसाल पेश की है। दिल्ली के दरियागंज निवासी यह भाई-बहन हरिद्वार से गंगा जल लेकर अपने सफर पर निकले हैं।

सुहाना, जो कक्षा 7 की छात्रा है, ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है और उनकी मां घरों में सफाई का काम करती हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद, सुहाना ने भगवान शिव से अपने परिवार के लिए एक घर की मनोकामना करते हुए यह कठिन यात्रा करने का निर्णय लिया।

सुहाना और अफान ने अपने ही मोहल्ले की हिंदू महिलाओं के साथ हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की। शुक्रवार को हर की पैड़ी से गंगाजल उठाकर पैदल चलते हुए वे मुजफ्फरनगर पहुंचे। रास्ते में लोगों ने उनके धार्मिक जज्बे की प्रशंसा की। सुहाना ने बताया कि वह पहले भी खाटू श्याम के दर्शन कर चुकी है और उसे धर्म और समाज की सीमाओं का ज्ञान नहीं है।

उसने बताया कि भोलेनाथ की कांवड़ लाकर उसे बहुत अच्छा लग रहा है और मनोकामना पूरी होने पर वह दोबारा हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करेगी।

सुहाना के साथ यात्रा कर रही पूजा ने बताया कि सुहाना के पिता की मृत्यु के बाद उनकी मां घर-घर सफाई का काम करती हैं और परिवार का पालन-पोषण करती हैं। इनकी यह यात्रा सांप्रदायिक सौहार्द और अटूट आस्था की एक सुंदर मिसाल है।

What's Your Reaction?

like

dislike

wow

sad

@Dheeraj kashyap युवा पत्रकार