सेवा भारती का सेवा सम्मान 2024 : 25 विभूतियों को किया गया सम्मानित, समावेशी भारत के लिए राजनाथ सिंह ने दिया संदेश

नई दिल्ली । सेवा भारती द्वारा आयोजित सेवा सम्मान समारोह 2024 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समाज के उपेक्षित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सेवा भारती के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह आलोक […]

Dec 15, 2024 - 12:13
Dec 15, 2024 - 17:47
 0
सेवा भारती का सेवा सम्मान 2024 : 25 विभूतियों को किया गया सम्मानित, समावेशी भारत के लिए राजनाथ सिंह ने दिया संदेश

नई दिल्ली । सेवा भारती द्वारा आयोजित सेवा सम्मान समारोह 2024 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समाज के उपेक्षित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सेवा भारती के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। समारोह की अध्यक्षता जय भारत मारुति लिमिटेड (जेबीएम) के सीएमडी सुरेन्द्र आर्य ने की।

समावेशी भारत का निर्माण : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा भारती जिस तरह से एकात्म मानवतावाद और अंत्योदय के विचारों को अपनाते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास के लिए केवल सरकारें ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के जागरूक नागरिकों को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

राजनाथ सिंह ने सेवा सम्मान से सम्मानित सभी महानुभावों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा, “सेवा कार्य न केवल समाज को जोड़ता है, बल्कि इसे नई दिशा भी प्रदान करता है। यह कार्य भारत को पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।”

सेवा से दूर होगी असमानता : आलोक कुमार

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने कहा कि सेवा भारती के प्रयास समाज में असमानता की खाई को कम करने में सहायक हैं। उन्होंने सेवा को ईश्वरीय कार्य बताते हुए कहा कि सेवा कार्य में समाज के हर वर्ग को जुड़ना चाहिए।

आलोक कुमार ने सेवा भारती की सराहना करते हुए कहा, “पुराणों में कहा गया है कि परोपकार करना पुण्य है और दूसरों को परेशान करना पाप। सेवा भारती के कार्यकर्ता समाज के उपेक्षित वर्गों के जीवन में बदलाव लाने का पुनीत कार्य कर रहे हैं।”

सेवा सम्मान 2024 : 10 श्रेणियों में 25 विभूतियों का सम्मान

सेवा सम्मान 2024 के तहत इस वर्ष 10 श्रेणियों में 25 महानुभावों और संस्थाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

जिन विभूतियों को सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया उनमें बद्री भगत झण्डेवाला टेम्पल सोसाइटी एवं स्व. सुभाष गुप्ता (मरणोपरांत) को सेवा रत्न से सम्मानित किया गया। यशपाल गुप्ता, वेद कुमार वढ़ेरा, तुषार गुप्ता, सरदार हरमनजीत सिंह, अजय गुप्ता, पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड, सत्यभूषण जैन, डॉ. संजय सचदेवा, भाऊराव देवरस सेवा न्यास, साहिल मेंदीरत्ता, सान्या मेंदीरत्ता, संजय दत्ता, सीमा गुप्ता, सौरभ गर्ग, जादूगर सम्राट शंकर, बजरंग लाल अग्रवाल, गोपाल वर्मा, राकेश गुप्ता, संजीव मोंघा, सुभाष चंदर अग्रवाल, अंजू जैन, अलका बैगानी तथा सरदार नरेन्द्र सिंह चहल को सेवा भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।

सेवा भारती के सेवा कार्य

सेवा भारती 1979 से समाज सेवा में सक्रिय है। यह संस्था शिक्षा, चिकित्सा, स्वरोजगार, महिला स्वावलंबन, कुष्ठ निवारण, अनाथ बच्चों की देखभाल, और बालवाड़ी जैसे अनेक सेवा प्रकल्प चला रही है। वर्तमान में सेवा भारती 1 लाख 80 हजार सेवा प्रकल्पों के माध्यम से देशभर में सेवा प्रदान कर रही है।

रक्षा मंत्री ने सेवा भारती को इस दिशा में और बड़े स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। आरएसएस के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने इस अवसर पर अगले वर्ष सेवा सम्मान पाने वालों की संख्या चार गुना बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया, ताकि सेवाभाव से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन हो।

समारोह का उद्देश्य और संदेश

सेवा भारती का यह कार्यक्रम उन विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया जो समाज सेवा को अपने जीवन का ध्येय बना चुके हैं। यह समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देने और सेवा कार्य को प्रोत्साहित करने का एक अद्वितीय प्रयास है।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने सेवा कार्यों में समाज के हर वर्ग की भागीदारी पर बल दिया और इसे भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आधार बताया।

What's Your Reaction?

like

dislike

wow

sad

Bharatiyanews हमारा अपना समाचार आप सब के लिए|