यूपी बोर्ड हाईस्कूल गणित का पेपर आउट, केंद्र व्यवस्थापक पर केस दर्ज
यूपी बोर्ड हाईस्कूल गणित का पेपर आउट, केंद्र व्यवस्थापक पर केस दर्ज
यूपी बोर्ड हाईस्कूल गणित का पेपर आउट, केंद्र व्यवस्थापक पर केस दर्ज
एटा में शनिवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा के दौरान बड़ा मामला सामने आया। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद ही प्रश्नपत्र व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर कर दिया गया, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। यह मामला जैथरा ब्लॉक के अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र चौधरी बीएल इंटर कॉलेज, नगला रेवती से जुड़ा है।
व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर हुआ प्रश्नपत्र
सुबह 8:30 बजे परीक्षा शुरू हुई, लेकिन 9:30 बजे गणित का पेपर व्हाट्सएप ग्रुप में आ गया। इस ग्रुप में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा जिला व बोर्ड परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी भी शामिल थे। पेपर सामने आते ही अधिकारियों ने तुरंत इसे डिलीट करवाया, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई।
केंद्र व्यवस्थापक पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की शिकायत पर जैथरा थाने में केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। जिस मोबाइल से पेपर लीक हुआ, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश
माध्यमिक शिक्षा, अलीगढ़ के जॉइंट डायरेक्टर मनोज गिरी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में पेपर डाला गया था, जिसे तुरंत डिलीट करा दिया गया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी।
मामले को लेकर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि आगे ऐसी घटना दोबारा न हो।