पति पर फर्जी मुकदमे, धोखाधड़ी और प्लॉट हड़पने का आरोप, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई गुहार
अलीगढ़ जनपद की रहने वाली कविता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बुलंदशहर को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर अपने पति संजय, उसके भाई और साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कविता ने बताया कि उसकी शादी 9 जुलाई 2024 को संजय निवासी डिबाई, बुलंदशहर से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दान-दहेज के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।
कविता का आरोप है कि संजय पहले से ही शादीशुदा था, जिसे छुपाकर उसने शादी की। साथ ही शादी के कुछ समय बाद संजय ने धोखे से कविता की मां से अतरौली स्थित 215 गज का प्लॉट अपने नाम करा लिया।
23 मार्च 2025 को डिबाई के हनुमान चौक पर संजय, उसका भाई और अन्य लोगों ने कविता और उसके परिवारजनों के साथ मारपीट और छेड़खानी की। इस संबंध में थाना गोधा, अलीगढ़ में मुकदमा दर्ज है।
अब संजय ने ही कविता व उसके परिवार के विरुद्ध फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए स्त्रीधन और प्लॉट वापस दिलाने व आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।