अगले साल एनसीईआरटी चार और कक्षाओं की नई किताबें लाएगी
अगले साल एनसीईआरटी चार और कक्षाओं की नई किताबें लाएगी, Next year NCERT will bring new books for four more classes,
अगले साल एनसीईआरटी चार और कक्षाओं की नई किताबें लाएगी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार हो रही नई पाठ्यपुस्तकों की दी जानकारी
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आएंगी नौवीं से 12वीं तक की नई किताबें
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्कूलों के लिए नई पाठ्यपुस्तकें तैयार करने में जुटी राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) अगले साल यानी शैक्षणिक सत्र 2025- 26 में चार और कक्षाओं के लिए नई पाठ्यपुस्तकें लाएगी। ये चौथी, पांचवीं, सातवीं और आठवीं कक्षाओं के लिए होंगी। नौवीं, 10वीं, 11वीं व 12वीं कक्षाओं की नई पाठ्यपुस्तकें शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आएंगी। बाल वाटिका, पहली, दूसरी, तीसरी और छठी की नई पाठ्यपुस्तकें पहले ही आ चुकी हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी ने छात्रों तक पाठ्यपुस्तकों को समय से पहुंचाने की भी योजना बनाई है। ये दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंच सकें, इसके लिए एनसीईआरटी ने एमेजोन और फ्लिफकार्ट से करार किया है। ये प्लेटफार्म इन पुस्तकों को छात्रों को प्रिंट रेट पर ही मुहैया कराएंगे। इसके साथ ही इन पुस्तकों की मांग को देखते हुए पांच करोड़ की जगह अब हर साल करीब 15 करोड़ पुस्तकें छापने का लक्ष्य रखा गया है। चूंकि पुस्तकों की छपाई की मात्रा अधिक होने जा रही है, इसलिए कुछ कक्षाओं के लिए पाठ्यपुस्तकों की कीमतें कम की जाएंगी।
प्रधान ने बताया कि 2013-14 के बीच जहां प्रति छात्र पर खर्च 10,780 रुपये था, वहीं 2021-22 में यह 25,043 रुपये हो गया है। वहीं नामांकन, पास होने की संख्या, नए स्कूल व उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या भी दस सालों में बढ़ी है। स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर में भी भारी बढ़ोत्तरी हुई है। इंटरनेट और बिजली से बड़ी संख्या में स्कूल लैस हुए हैं।